99.32 परसेंटाइल प्राप्त कर क्षेत्र का नाम किया रोशन, रसायन और भौतिकी में 99 से अधिक परसेंटाइल
आजमगढ़। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के घोषित परिणाम में सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्र रहे अनुज यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 720 में से 591 अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने 99.3283647 परसेंटाइल हासिल कर अखिल भारतीय रैंक (AIR) 13,353 प्राप्त की है। वहीं ओबीसी-एनसीएल (केंद्रीय सूची) वर्ग में उनकी कैटेगरी रैंक 6,149 रही। अनुज यादव, पिता हरिनाथ यादव एवं माता मुराली देवी के पुत्र हैं। अनुज कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हसनपुर ग्राम के निवासी हैं। इनके पिता हरिनाथ यादव पेशे से दीवानी के अधिवक्ता हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अनुज ने विषयवार प्रदर्शन में भी शानदार सफलता हासिल की। उन्होंने भौतिकी में 99.32 परसेंटाइल, रसायन विज्ञान में 99.23 परसेंटाइल तथा जीव विज्ञान में 96.35 परसेंटाइल प्राप्त किए। गौरतलब है कि NEET-UG 2026 की परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित हुई थी, जबकि परिणाम 16 जुलाई 2026 को घोषित किया गया। अनुज यादव की इस सफलता पर परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बताते चले की अनुज यादव ने सर्वोदय इंटर कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करने के लिए जी तोड़ मेहनत की और सफलता हासिल की।



