संगठित गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट में जेल भेजे गए आरोपी
आजमगढ़। जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र में चर्चित त्रिभुवन पाण्डेय हत्याकांड से जुड़े संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2025 को थाना महराजगंज क्षेत्र में त्रिभुवन पाण्डेय की हत्या के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर यह पाया कि जमीनी विवाद को लेकर त्रिभुवन पाण्डेय की हत्या की गई थी। जांच में रामभवन पाण्डेय, आदित्य पाण्डेय, दीनदयाल पाण्डेय और अमरनाथ यादव की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उनके विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी एक संगठित आपराधिक गिरोह के रूप में कार्य कर रहे थे और आर्थिक व भौतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से गंभीर अपराधों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार इनके आपराधिक कृत्यों के कारण क्षेत्र में भय और आतंक का वातावरण व्याप्त था। इसी आधार पर गिरोह का गैंग चार्ट तैयार कर सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त किया गया तथा 2 जून 2026 को थाना महराजगंज में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 2(ख)(i)/3(1) के अंतर्गत मुकदमा संख्या 122/2026 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम आराजी जजमनजोत में दबिश दी। बुधवार की सुबह लगभग 4:50 बजे पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्तों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान नियमानुसार तलाशी ली गई, लेकिन आरोपियों के पास से कोई अवैध वस्तु बरामद नहीं हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों में अमरनाथ यादव पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र यादव, रामभवन पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय बजरंगी पाण्डेय तथा आदित्य पाण्डेय पुत्र रामभवन पाण्डेय निवासी ग्राम आराजी जजमनजोत थाना महराजगंज शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल अनिल कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल कुशल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





