फेम इंडिया–एशिया पोस्ट सर्वे 2026 में 862 अंक हासिल कर बनाई राष्ट्रीय पहचान, जनसेवा, सुशासन और विकास कार्यों को मिली बड़ी सराहना
आजमगढ़। जनपद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर आजमगढ़ का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित फेम इंडिया–एशिया पोस्ट द्वारा आयोजित "बेस्ट डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट्स सर्वे 2026" में उन्हें देश के शीर्ष 25 जिलाधिकारियों की सूची में स्थान मिला है। सर्वेक्षण में 862 अंक प्राप्त कर उन्होंने विशिष्ट पहचान बनाई है। देशभर के लगभग 800 जिलों के प्रशासनिक कार्यों के अध्ययन के बाद तैयार की गई इस सूची में प्रशासनिक दक्षता, सुशासन, नवाचार, जनसंपर्क, जवाबदेही, संकट प्रबंधन, विकास कार्यों और जनस्वीकृति जैसे विभिन्न मानकों पर अधिकारियों का मूल्यांकन किया गया। प्रारंभिक चयन में 100 जिलाधिकारियों को शामिल किया गया था, जिनमें से 25 अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। रविन्द्र कुमार की पहचान एक जनसरोकारों से जुड़े अधिकारी के रूप में रही है। कलेक्ट्रेट में नियमित जनता दर्शन के माध्यम से वे आम लोगों की समस्याएं सुनते हैं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हैं। गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं, बुजुर्ग और समाज के कमजोर वर्गों की समस्याओं के समाधान के प्रति उनकी संवेदनशील कार्यशैली को व्यापक सराहना मिली है। पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के क्षेत्र में भी उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं। ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए उन्होंने ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचकर लोगों को प्रेरित किया। इसके अलावा जल संरक्षण, तालाबों के पुनर्जीवन और नदियों के संरक्षण से जुड़े अभियानों को भी उन्होंने बढ़ावा दिया है। जिलाधिकारी के रूप में उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, तकनीक आधारित प्रशासन, कानून-व्यवस्था की मजबूती तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा को प्राथमिकता दी। फील्ड निरीक्षण और डिजिटल मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही को मजबूत करने का प्रयास किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि को आजमगढ़ के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों का कहना है कि यह सम्मान जनसेवा, सुशासन और विकास के प्रति जिलाधिकारी की प्रतिबद्धता का परिणाम है, जिसने आजमगढ़ की सकारात्मक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत किया है।





