आजमगढ़ : दोस्त की शादी में गया युवक रहस्यमय ढंग से लापता, अगले दिन एक्सप्रेस-वे किनारे मिला शव

Youth India Times
By -
0




टोल प्लाजा के पास एक दिन पहले मिली थी बाइक, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए घर से निकला गोरखपुर का एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसकी बाइक पहले अतरौलिया क्षेत्र के गदनपुर स्थित टोल प्लाजा के पास लावारिस हालत में मिली और अगले दिन गोरखपुर-लिंक एक्सप्रेस-वे के किनारे उसका शव बरामद हुआ। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के बाघागाड़ा, टोला जीतपुर, थाना गीडा निवासी 26 वर्षीय जयसिंह निषाद पुत्र मिरधारी निषाद सोमवार शाम करीब छह बजे अपने एक मित्र की शादी में शामिल होने के लिए स्प्लेंडर बाइक से घर से निकला था। मंगलवार सुबह भाई द्वारा फोन करने पर उसने बताया कि वह रास्ते में है और जल्द घर पहुंच जाएगा। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका। मृतक के भाई ने बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे पुलिस ने सूचना दी कि जयसिंह की बाइक अतरौलिया क्षेत्र के गदनपुर स्थित टोल प्लाजा के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली है। बाइक में चाबी भी लगी हुई थी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बाइक की पहचान की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। पुलिस और परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, मगर सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह गोरखपुर-लिंक एक्सप्रेस-वे के पिलर संख्या-60 के पास जयसिंह का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई। शव की पहचान जयसिंह निषाद के रूप में हुई। मृतक के भाइयों दुर्गेश और प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया कि यह सड़क दुर्घटना का मामला नहीं हो सकता। उनका कहना है कि यदि हादसा हुआ होता तो बाइक और शव एक ही स्थान पर मिलते। बाइक का एक दिन पहले बरामद होना और शव का दूसरे स्थान पर मिलना हत्या की ओर संकेत करता है। उन्होंने अज्ञात लोगों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। जयसिंह पेशे से बढ़ई था और परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। उसके पिता आॅटो चालक हैं। वह तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)