मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप; पुत्री ने बताया घटना से पहले घर में हुई कहासुनी
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के देवरा पट्टी गांव में मंगलवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय डाली गुप्ता पत्नी सदानंद गुप्ता के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतका के मायके पक्ष ने पति सदानंद गुप्ता एवं अन्य ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई आकाश गुप्ता निवासी हैदरगंज जमुनियाबाद, थाना कोतवाली, जनपद अयोध्या ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतका की बहन शिल्पी गुप्ता और मां इंद्रावती ने बताया कि डाली की शादी लगभग दस वर्ष पूर्व देवरा पट्टी निवासी सदानंद गुप्ता से हुई थी। उनका आरोप है कि विवाह के बाद से ही डाली को प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि पारिवारिक विवाद और आर्थिक परेशानियों के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है। मृतका की 15 वर्षीय पुत्री श्रेया गुप्ता ने बताया कि उसकी मां कुछ दिन पूर्व मायके गई थी और वहां से सकुशल लौटकर ससुराल आई थी। घर लौटने के दौरान माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। श्रेया के अनुसार, घटना के समय वह पड़ोस में फोन करने गई थी और करीब 15 मिनट बाद लौटने पर घर में अफरा-तफरी का माहौल था। पहले उसे बताया गया कि उसकी मां ने फांसी लगा ली है, जबकि बाद में कहा गया कि वह केवल बेहोश है। मायके पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष ने मामले को दबाने का प्रयास किया और मृतका की पुत्री का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया, ताकि वह अपने ननिहाल पक्ष को सूचना न दे सके। हालांकि किसी अन्य फोन से उसने अपने मामा आकाश गुप्ता को घटना की जानकारी दे दी। मृतका के भाई आकाश गुप्ता ने बताया कि उन्हें रात करीब साढ़े आठ बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे अयोध्या से देवरा पट्टी के लिए रवाना हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उनकी बहन केवल बेहोश थी तो उसे तत्काल अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि डाली 21 जून को ससुराल आई थी और 23 जून की रात उनके भांजे अमन ने फोन कर उसकी मौत की सूचना दी। डाली गुप्ता अपने पीछे 17 वर्षीय पुत्र प्रियांशु और 15 वर्षीय पुत्री श्रेया को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष देवेंद्र दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




