आजमगढ़ : कोचिंग, अस्पताल व लाइब्रेरियों की सुरक्षा जांच कराने हेतु डीएम को सौंपा पत्र

Youth India Times
By -
0



छात्र संघ अध्यक्ष अमर बहादुर यादव ने संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाकर मानक विहीन संस्थानों पर कार्रवाई की उठाई मांग

आजमगढ़। लखनऊ में हाल ही में एक कोचिंग संस्थान में हुई दर्दनाक अग्निकांड की घटना के बाद आजमगढ़ में भी शिक्षण एवं स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई गई है। डी.ए.वी. पी.जी. कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष अमर बहादुर यादव ने जिलाधिकारी आजमगढ़ को पत्र सौंपकर जिले के सभी कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, विद्यालयों और डिजिटल लाइब्रेरियों की व्यापक सुरक्षा एवं गुणवत्ता जांच कराने की मांग की है। जिलाधिकारी को संबोधित पत्र में कहा गया है कि लखनऊ की घटना ने यह साबित कर दिया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कितनी घातक साबित हो सकती है। आजमगढ़ जिले में भी बड़ी संख्या में निजी कोचिंग सेंटर, अस्पताल, अनधिकृत विद्यालय और डिजिटल लाइब्रेरियां संचालित हो रही हैं, जिनमें से कई संकरी गलियों, बेसमेंट अथवा बिना पर्याप्त वेंटिलेशन वाली इमारतों में चल रही हैं। ऐसे संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी से भविष्य में गंभीर हादसों की आशंका बनी हुई है। पत्र में मांग की गई है कि जिले के सभी संबंधित संस्थानों में फायर एनओसी, अग्निशमन यंत्रों और आपातकालीन निकास व्यवस्था की अनिवार्य जांच कराई जाए। साथ ही बेसमेंट में संचालित लाइब्रेरियों एवं क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाने वाले कोचिंग संस्थानों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त राजस्व, शिक्षा और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम गठित कर पूरे जिले में औचक निरीक्षण अभियान चलाने तथा मानक विहीन पाए जाने वाले संस्थानों को सील कर संचालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग भी की गई है। अमर बहादुर यादव ने कहा कि बच्चों और छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन जनहित एवं छात्र सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र प्रभावी कदम उठाएगा। इस दौरान विवेक राय, आशुतोष चौबे, वर्षम प्रताप सिंह, अंशुल आनंद एवं विशाल सिंह भी मौजूद रहे। पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भी प्रेषित की गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)