रोडवेज बस स्टेशन के आसपास अवैध रूप से सवारी भर रही थीं बसें, एआरटीओ प्रवर्तन ने चलाया विशेष जांच अभियान
आजमगढ़। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा परिवहन नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देशन एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में रोडवेज बस स्टेशन के आसपास संचालित बसों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई निजी बसें परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित मार्ग से हटकर रोडवेज बस स्टेशन के निकट अवैध रूप से सवारी भरते हुए पाई गईं। अधिकारियों ने इसे परिवहन नियमों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा उत्पन्न करती हैं। अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच बसों को सीज कर थाना कोतवाली में निरुद्ध करा दिया। संबंधित वाहन स्वामियों एवं संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई भी की जा रही है। एआरटीओ प्रवर्तन ने कहा कि बिना अनुमति अथवा परमिट की शर्तों के विपरीत संचालित वाहनों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन संचालकों से परिवहन नियमों एवं परमिट की शर्तों का पूर्ण पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर संचालित होने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनहित एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाएंगे।





