आजमगढ़ : कार की टक्कर से गिरे आरपीएफ जवान को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

Youth India Times
By -
0




बारात से लौटते समय हुआ हादसा, परिजनों ने चेन, अंगूठी और पर्स गायब होने का लगाया आरोप
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के महुला बाजार के पास मंगलवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में आरपीएफ के एक जवान की मौत हो गई। बताया गया कि बारात से घर लौटते समय उनकी बाइक को पीछे से एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सरंगुआ मेहरूपार गांव निवासी 36 वर्षीय प्रभात कुमार पटेल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में आरक्षी के पद पर तैनात थे। उनकी वर्तमान तैनाती पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में थी। वह दो दिन पूर्व अवकाश लेकर अपने घर आए थे। मंगलवार को उनके गांव के एक मित्र की बारात रौनापार थाना क्षेत्र के बनकटिया गांव गई थी, जिसमें प्रभात कुमार भी शामिल हुए थे। रात करीब 10:30 बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह महुला बाजार के पास पहुंचे, उस समय क्षेत्र में एक अन्य बारात भी गुजर रही थी। सड़क के एक तरफ डीजे और दूसरी तरफ खड़ी गाड़ियों के कारण रास्ता संकरा हो गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में प्रभात कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद प्रभात कुमार की सोने की चेन, अंगूठी और पर्स गायब हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)