फर्जी निवास व चरित्र प्रमाण पत्र बनाकर अभ्यर्थियों से वसूली करता था गिरोह
आजमगढ़। एसएससी जीडी भर्ती में चयन कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से धन उगाही करने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह के खिलाफ रानी की सराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, थाना रानी की सराय क्षेत्र के अंधौरी गांव निवासी पंकज यादव ने 20 मई 2026 को नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान कई अन्य व्यक्तियों के नाम भी प्रकाश में आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 22 जून 2026 को शाम 4:45 बजे बेलइसा बाजार के पास से मुन्ना पासवान (36) पुत्र स्वर्गीय प्रभूनाथ पासवान निवासी दुर्जनपुर, थाना रेवती, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर एसएससी जीडी भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से पैसे लेकर फर्जी निवास और चरित्र प्रमाण पत्र तैयार करता था। साथ ही कम मेरिट वाले क्षेत्रों में भर्ती कराने का झांसा देकर अवैध रूप से धन अर्जित करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना रानी की सराय में धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य गंभीर धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि भर्ती के नाम पर धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





