आजमगढ़ : पोखरे में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत

Youth India Times
By -
0




घर के बाहर खेलते समय पैर फिसलने से पोखरे में गिरा कक्षा एक का छात्र, पूरे गांव में शोक की लहर
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा फरिहा के सवाई मोहल्ला में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरिहा के सवाई मोहल्ला निवासी अशफाक अहमद का छह वर्षीय पुत्र मोहम्मद युसुफ मंगलवार सुबह घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। सुबह करीब नौ बजे खेलते-खेलते वह घर के पास स्थित पोखरे के किनारे पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। मासूम के पोखरे में गिरते ही साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने युसुफ को पोखरे से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद युसुफ कक्षा एक का छात्र था। वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। वहीं गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पोखरों और जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)