मंत्री पद पर बिन्द्रेश कुमार यादव ने एक मत से दर्ज की जीत, 84 में से 78 लेखपालों ने किया मतदान
रिपोर्ट-आरपी सिंह
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ शाखा फूलपुर की नई कार्यकारिणी का गठन मंगलवार को निर्वाचन प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ। चुनाव में लेखपालों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न पदों के लिए मतदान किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में विशाल सिंह चंदेल ने 41 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी सोनू गिरी को 37 मत मिले। इस प्रकार विशाल सिंह चंदेल ने चार मतों के अंतर से अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की। वहीं मंत्री पद के चुनाव में बिन्द्रेश कुमार यादव को 39 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सौरभ राय को 38 मत मिले। एक मत अवैध घोषित किया गया। इस तरह बिन्द्रेश कुमार यादव ने मात्र एक मत के अंतर से मंत्री पद पर जीत दर्ज की। फूलपुर तहसील में कुल 84 लेखपाल कार्यरत हैं, जिनमें से 78 लेखपालों ने मतदान में भाग लिया। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन कार्य की देखरेख जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष यशपाल चौहान, जिलामंत्री उपेन्द्र यादव, सदर तहसील अध्यक्ष राकेश यादव तथा तहसील मंत्री कृष्ण कुमार नायक ने निर्वाचन अधिकारी के रूप में की। उनके निर्देशन में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर विशाल सिंह चंदेल, मंत्री पद पर बिन्द्रेश कुमार यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नागेन्द्र तिवारी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नीरज यादव, उपमंत्री पद पर रविशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर कृष्ण चंद यादव तथा आॅडिटर पद पर रविकांत यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, लेखपालों की समस्याओं के समाधान तथा उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पारितोष पाण्डेय, महेंद्र गुप्ता, करूणेश सिंह, गंगा प्रसाद, अनिल यादव, आदित्य गुप्ता, सिद्धि श्रीवास्तव, शिवानी जायसवाल, सुभाराय, संजय यादव सहित अन्य लेखपाल उपस्थित रहे।




