अनुरक्षण व पोल शिफ्टिंग का होगा कार्य
आजमगढ़। नगर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में रविवार को निर्धारित अनुरक्षण कार्य एवं बिजली पोल शिफ्टिंग के चलते कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए आवश्यक कार्य पहले से निपटाने की सलाह दी है। कोटवां विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। कोटवां सब स्टेशन के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि सिधारी हाइडिल से आने वाली 33 केवी मेन लाइन पर पेड़, डाल, टहनियों और बांस आदि की कटाई-छंटाई तथा अन्य अनुरक्षण कार्य कराया जाएगा। इस दौरान 11 केवी पल्हनी फीडर, 11 केवी मझगांवा फीडर, 11 केवी सर्किट हाउस, कमिश्नर आवास और डीआईजी आवास से जुड़े क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। वहीं, 33/11 केवी पुरानी जेल विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति भी रविवार को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम इंजीनियर राजकुमार सिंह ने बताया कि नरौली बस स्टैंड से बवाली मोड़ के बीच सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए बिजली पोल शिफ्टिंग की जाएगी। इसके चलते मातबरगंज, रोडवेज, कुर्मी टोला, गुरु टोला, लालडिग्गी, सदावर्ती, पुरानी सब्जी मंडी, अनंतपुरा, कटरा, कोलघाट, कोलबाज बहादुर, मड़या जयरामपुर और सिविल लाइन सहित आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य भविष्य में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।






