आज़मगढ़ : स्वयं सहायता समूह के नाम पर 7.69 लाख रुपये की धोखाधड़ी

Youth India Times
By -
0






पांच महिलाओं ने लगाया गबन का आरोप, वीडियो रिकॉर्डिंग को बनाया साक्ष्य; दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के रिठिया गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से कथित तौर पर 7.69 लाख रुपये की धोखाधड़ी और गबन के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत और जांच के बाद की गई। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित चांदनी आजीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य होने के दौरान उन्हें बहला-फुसलाकर समूह से ऋण निकलवाया गया। शिकायत के अनुसार गांव निवासी अमरदीप प्रजापति और विनीता ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि ऋण लेने वाले व्यक्ति के भुगतान न करने की स्थिति में वे स्वयं जिम्मेदारी लेंगे। इसी विश्वास में पांच महिलाओं ने अलग-अलग किश्तों में समूह से कुल 7 लाख 69 हजार रुपये निकलवाकर आरोपित के परिचित व्यक्ति को दे दिए। शिकायत के मुताबिक महारानी पत्नी रणविजय ने 2.36 लाख रुपये, शकुन्तला पत्नी रामरतन ने 1.23 लाख रुपये, गायत्री पत्नी दिग्विजय ने 1.31 लाख रुपये, गीता पत्नी बृजभान ने 1.79 लाख रुपये तथा संगीता पत्नी रामजतन ने एक लाख रुपये दिए थे। बाद में आरोपियों ने धनराशि लौटाने से इनकार कर दिया। महिलाओं ने अपने आरोपों के समर्थन में रुपये दिए जाने की वीडियो रिकॉर्डिंग और मोबाइल रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है। पीड़ितों ने पुलिस से धनराशि की वसूली कर समूह के खाते में जमा कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 27 फरवरी 2026 को दी गई शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए थे। जांच के उपरांत मामले में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)