आजमगढ़ : चोरी का विरोध करने पर महिला पर जानलेवा हमला, चोर बक्सा-अटैची लेकर हुए फरार

Youth India Times
By -
0



खेत में बरामद हुए बक्सा, अटैची और हथियार, पुलिस के बयान पर उठे सवाल

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव में शुक्रवार की देर रात चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने विदेश में रहकर रोजी-रोटी कमाने वाले रमेश यादव के घर को निशाना बनाया। चोरी के दौरान घर की महिला के जाग जाने पर बदमाशों ने उसके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, सिंघड़ा गांव निवासी रमेश यादव पुत्र सिट्ठू यादव रोजगार के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर उनके घर के चैनल का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। बताया जाता है कि चोरों ने सबसे पहले उस कमरे को बाहर से बंद कर दिया, जिसमें घर के बच्चे सो रहे थे। इसके बाद वे दूसरे कमरे में पहुंचे, जहां टांड (पटनी) पर रखा बक्सा और अटैची उतारने लगे। उसी कमरे में सो रही रमेश यादव की पत्नी रीना यादव की आहट से नींद खुल गई। जैसे ही उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया, चोरों ने उन पर हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार, घर में रखी कुल्हाड़ी (टांगी) से उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले के बाद बदमाश बक्सा और अटैची लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के कुछ समय बाद जब घायल महिला को होश आया तो उन्होंने पड़ोसियों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। शनिवार सुबह पुलिस जांच के दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर एक खेत में वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद हुई। वहीं लगभग 500 मीटर दूर सिवान क्षेत्र में बक्सा और अटैची भी मिली। पुलिस ने बरामद सामान और हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घायल रीना यादव का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद गांव के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और रात में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। इस संबंध में गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया चोरों ने चोरी का प्रयास किया था। महिला के जाग जाने पर उस पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पुलिस के बयान को लेकर गांव में चर्चा भी तेज हो गई है। थाना प्रभारी ने महिला पर पत्थर से हमला किए जाने की बात कही है, जबकि परिजनों का दावा है कि कुल्हाड़ी से वार किया गया था। इसके अलावा यदि चोर केवल चोरी का प्रयास कर रहे थे तो घर से ले जाए गए बक्से और अटैची का 500 मीटर दूर खेत में मिलना भी कई सवाल खड़े कर रहा है। इन विरोधाभासी तथ्यों के बीच अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)