मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद से थे परेशान, कैंसर पीड़ित पत्नी की भी मौत
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद नगर के सुभाष तिराहा स्थित संस्कृत पाठशाला के सामने शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आदर्श कृष्ण इंटर कॉलेज के पूर्व प्रबंधक एवं कांग्रेस के पूर्व विधायक स्वर्गीय जगदीश सिंह यादव के पुत्र राकेश यादव (73) ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पहले पत्नी राममूर्ति देवी (68) को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में राकेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9:30 बजे घर के एक कमरे से लगातार दो गोलियों की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर घर में मौजूद उनकी बेटियां गरिमा और प्रतिमा कमरे की ओर दौड़ीं। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि माता-पिता खून से लथपथ पड़े हैं। राकेश यादव के माथे पर गोली लगी थी, जिससे उनकी तत्काल मृत्यु हो चुकी थी, जबकि राममूर्ति देवी की छाती में गोली लगी थी और उनकी सांसें चल रही थीं। परिजन उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार राकेश यादव पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में थे। मई 2025 में उनके भतीजे राहुल यादव ने कृषि भूमि की आय में गड़बड़ी और फर्जी तरीके से प्रबंधक बनने का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शनिवार को वह कोर्ट में पेशी से लौटे थे और तभी से काफी तनावग्रस्त दिखाई दे रहे थे। बड़ी बेटी गरिमा ने बताया कि इन आरोपों और सामाजिक बदनामी के कारण वह अवसाद में थे। वहीं उनकी पत्नी राममूर्ति देवी कैंसर से पीड़ित थीं। राकेश यादव क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से जुड़े थे। वह अपने पैतृक गांव डाहिनी के प्रधान भी रह चुके थे। उनके पिता जगदीश सिंह यादव कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर ली गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।





