मुबारकपुर थाना क्षेत्र के दरियाबाद में हुआ हादसा
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के दरियाबाद स्थित निर्माणाधीन पुल के पास शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बाइक सवार युवक पुल के पास मिट्टी की रोक से टकराकर अनियंत्रित हो गया और नाले के किनारे बने गड्ढे में जा गिरा। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चकिया निवासी गुलशन कुमार (27) पुत्र विद्यासागर शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे बाइक से इब्राहीमपुर बाजार की ओर जा रहा था। वह दरियाबाद स्थित निर्माणाधीन पुल के पास पहुंचा, जहां पुल के दोनों ओर मिट्टी डालकर रास्ता बंद किया गया है। इसी दौरान उसकी बाइक मिट्टी की रोक से टकरा गई और अनियंत्रित होकर नाले के किनारे खाली भूमि में बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे में गुलशन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर सिपाही नित्यानंद सिंह मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। बताया गया कि मृतक चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इस संबंध में थाना प्रभारी एवं पुलिस उपाधीक्षक शशि मौली पाण्डेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।





