EOW जांच में सामने आया करोड़ों के सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला
आजमगढ़। फर्जी मदरसा संचालन के माध्यम से सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में थाना बरदह पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा (EOW), लखनऊ की जांच के आधार पर दर्ज मुकदमे में की गई। पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी 2025 को EOW के निरीक्षक एवं जांच अधिकारी कुँवर ब्रह्म प्रकाश सिंह द्वारा थाना बरदह में प्रार्थना पत्र दिया गया था। आरोप था कि कोदहरा, पोस्ट बरौना स्थित मदरसा बिस्मिल्लाह मेमोरियल (मदरसा आईडी-0191100571) के प्रबंधक ने धोखाधड़ी एवं कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग कर सरकारी अनुदान राशि का गबन किया। इस शिकायत के आधार पर थाना बरदह में मु0अ0सं0 43/2025 के तहत धारा 409, 420, 467, 468 और 471 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार 14 जून 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश चन्द्र मिश्र ने पुलिस टीम के साथ मुकदमे में नामजद अभियुक्त मो. मजीद पुत्र विस्मिल्ला निवासी ग्राम कोदहरा, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ को कोदहरा मोड़ से सुबह करीब 8:55 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश चन्द्र मिश्र, कांस्टेबल ललित सरोज तथा आरक्षी योगेश दुबे शामिल रहे।पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध इसी प्रकरण में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज है और मामले की विवेचना जारी है।





