सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मंगरावा रायपुर गांव में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के पीछे लगे शटर के रास्ते भीतर घुसे और महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषणों से भरे तीन बक्से तथा एक सूटकेस लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार मंगरावा रायपुर निवासी अभिषेक पुत्र रामबली के घर में रविवार देर रात अज्ञात चोर शटर के रास्ते घुस आए। चोरों ने सबसे पहले दो कमरों में सो रही महिलाओं के कमरों का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई जागकर विरोध न कर सके। इसके बाद वे दूसरे कमरे में पहुंचे और वहां रखे तीन बक्से तथा एक सूटकेस उठा ले गए, जिनमें घर की महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। सोमवार सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो चोरी की घटना का पता चला। सामान गायब देख परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल गंभीरपुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित अभिषेक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ गंभीरपुर थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष गंभीरपुर ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





