आज़मगढ़ : ड्यूटी में लापरवाही पर मुख्य आरक्षी निलंबित, SSP ने बैठाई विभागीय जांच

Youth India Times
By -
0



कर्तव्य पालन में अनुशासनहीनता पाए जाने पर हुई कार्रवाई

आजमगढ़। जनपद पुलिस में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने एक मुख्य आरक्षी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित मुख्य आरक्षी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य आरक्षी संजू कुमार, जो वर्तमान में जनपदीय सुरक्षा, कमिश्नरेट वाराणसी में ड्यूटी पर तैनात हैं, के विरुद्ध गंभीर अनियमितताओं के तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि वह ड्यूटी अवधि के दौरान अपने निर्धारित कार्यस्थल से अनुपस्थित रहे तथा अपने दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और उदासीनता बरती। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दण्ड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत विभागीय जांच संस्थित करते हुए मुख्य आरक्षी के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा गैर-जिम्मेदाराना आचरण पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)