आजमगढ़ : भोजन का बिल मांगने पर ढाबा संचालक से मारपीट, खुद को भाजपा नेता बताकर दी धमकी

Youth India Times
By -
0




14 थालियां पैक कराने के बाद रुपये देने से किया इंकार
संचालक की पत्नी से अभद्रता का आरोप; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के जौनपुर-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जीवली पेट्रोल पंप स्थित रामा हॉस्पिटल के समीप संचालित एक शुद्ध शाकाहारी ढाबे पर शुक्रवार देर रात दबंगई का मामला सामने आया। काली स्कॉर्पियो से पहुंचे तीन युवकों पर भोजन पैक कराने के बाद रुपये देने से इंकार करने, खुद को भाजपा नेता बताकर धमकाने तथा ढाबा संचालक और उनकी पत्नी के साथ मारपीट व अभद्रता करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष ने बरदह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढाबा संचालक चंद्र प्रकाश मौर्य ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच काली स्कॉर्पियो से तीन युवक उनके ढाबे पर पहुंचे। युवकों ने पहले 14 स्पेशल शाकाहारी थालियां पैक कराईं और उन्हें वाहन में रखवा दिया। इसके बाद तीन स्पेशल थालियां ढाबे पर बैठकर खाने लगे। भोजन समाप्त होने के बाद जब संचालक ने बिल का भुगतान मांगा तो आरोप है कि युवकों ने रुपये देने से साफ इंकार कर दिया। पीड़ित के अनुसार, युवकों ने कहा कि वे भाजपा के नेता हैं और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। विरोध करने पर तीनों युवक आक्रामक हो गए और ढाबा संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने संचालक के बच्चे को उठाकर पटकने का प्रयास किया तथा उनकी पत्नी लक्ष्मी मौर्य के साथ अभद्रता और बदसलूकी की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। चंद्र प्रकाश मौर्य के अनुसार, आत्मरक्षा में उन्होंने डंडे से वार किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान लक्ष्मी मौर्य ने बरदह पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस के आने की जानकारी मिलने पर आरोपी मामला शांत कराने लगे और भोजन का लगभग तीन हजार रुपये भुगतान कर दिया। इसके बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्कॉर्पियो से बरदह की ओर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी ली। शनिवार को लक्ष्मी मौर्य ने बरदह थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। घटना स्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)