कपड़ा व्यापारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी था, एसओजी का दरोगा और सिपाही घायल
पीलीभीत। कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी शूटर सरबजीत सिंह को शनिवार देर रात पीलीभीत पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान सरबजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान बिलसंडा थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी, जबकि एसओजी के एक दरोगा और एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र निवासी सरबजीत सिंह पिछले करीब एक महीने से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि सरबजीत अपने एक साथी के साथ शीतलपुर गांव के पास मौजूद है। सूचना पर बिलसंडा थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सरबजीत के सीने में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में घायल एसओजी के दरोगा और सिपाही का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार दूसरे आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।





