आजमगढ़ : पुलिस भर्ती परीक्षा को बदनाम करने की साजिश नाकाम, फर्जी वीडियो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0




नोएडा के पुराने वीडियो को आजमगढ़ पुलिस भर्ती परीक्षा से जोड़कर फैलाई अफवाह, आईटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

आजमगढ़। जनपद में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है। आरोपी पर फर्जी वीडियो को परीक्षा से जोड़कर अफवाह फैलाने का आरोप है। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को इंस्टाग्राम आईडी ashutoshmaurya9498 से एक वीडियो प्रसारित किया गया, जिसे आजमगढ़ में चल रही पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 से जोड़कर वायरल किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने तत्काल वीडियो का फैक्ट चेक और तकनीकी परीक्षण किया। जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो 17 अप्रैल 2026 का है और यह नोएडा, जनपद गौतमबुद्ध नगर से संबंधित है। वीडियो का किसी भी भर्ती परीक्षा या प्रतियोगी परीक्षा से कोई संबंध नहीं पाया गया। साथ ही इसका आजमगढ़ में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 से भी कोई लेना-देना नहीं था। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रेसिंग के आधार पर साइबर सेल ने इंस्टाग्राम आईडी संचालक की पहचान आशुतोष कुमार मौर्य (21 वर्ष) पुत्र प्रेमशंकर मौर्य, निवासी गौरीनरायणपुर थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 293/26 के तहत धारा 353(2) बीएनएस तथा धारा 66डी आईटी एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के प्रथम दिवस की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा, कानून-व्यवस्था या सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़ी अफवाह, फर्जी समाचार और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों पर लगातार साइबर निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)