फर्जी नंबर प्लेट लगाकर ट्रक समेत माल किया था गायब, हरियाणा में बेचकर बांट ली रकम; अहरौला पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आजमगढ़। अहरौला थाना पुलिस ने करीब 69.96 लाख मूल्य के 253.20 कुंतल चावल की हेराफेरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार ट्रांसपोर्टर ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चावल से लदे ट्रक को गायब कर दिया था और बाद में हरियाणा में पूरा माल बेचकर रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस के मुताबिक, थाना अहरौला क्षेत्र के ग्राम मतलूबपुर निवासी जितेन्द्र कुमार ने 11 जुलाई 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म जय हनुमान ट्रेडर्स से 18 जून 2025 को हरियाणा भेजे जाने के लिए 253.20 कुंतल चावल ट्रक में लोड कराया गया था। माल की कीमत लगभग 69.96 लाख थी, लेकिन निर्धारित स्थान पर चावल नहीं पहुंचा। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में धमकी भी देने लगा। इस संबंध में थाना अहरौला में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को उपनिरीक्षक उमाकान्त शुक्ला और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी दिनेश कुमार (42) पुत्र काशीराम निवासी पारा बासूपुर थाना अखण्डनगर, जनपद सुल्तानपुर को फुलवरिया अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने सहयोगियों मोहन लाल और हवा सिंह के साथ मिलकर ट्रक पर फर्जी एवं कूटरचित नंबर प्लेट लगाई थी। इसके बाद चावल से लदे ट्रक को हरियाणा में ही बेच दिया गया और बिक्री से प्राप्त धनराशि आपस में बांट ली गई। आरोपी ने यह भी बताया कि परिवहन से जुड़े दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सुनियोजित तरीके से माल का गबन किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी सुल्तानपुर जिले में आपराधिक मुकदमा दर्ज है।




