टैंकर चालक की पिटाई के विरोध में वाहन चालक कल्याण समिति ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, उच्चस्तरीय जांच की उठाई मांग
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चक्रपानपुर पुलिस चौकी के दो सिपाहियों पर गैस टैंकर चालक के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट करने और उसका हाथ तोड़ देने का गंभीर आरोप लगा है। घटना से आक्रोशित वाहन चालकों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद यादव के नेतृत्व में विभिन्न जनपदों से आए वाहन चालकों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एडीएम प्रशासन गंभीर सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 3 जून को गोरखपुर से मथुरा जा रहे गैस टैंकर चालक रामप्रवेश राजभर ने डीहा बाजार में वाहन खड़ा करने के एवज में कथित रूप से मांगी गई अवैध वसूली देने से इंकार कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद चक्रपानपुर चौकी पर तैनात सिपाही अजय गौड़ और एक अन्य पुलिसकर्मी चालक को जबरन चौकी ले गए, जहां उसकी लात-घूसों, डंडों और बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट में चालक का दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। चालक ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी भी दी। वाहन चालक संगठन का कहना है कि घटना की शिकायत संबंधित अधिकारियों से किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे जहानागंज थानाध्यक्ष द्वारा पीड़ित चालक के खिलाफ ही झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया। संगठन ने इसे पुलिसिया उत्पीड़न बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। चालक संगठन ने जिलाधिकारी से घटनास्थल और चौकी के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने, पीड़ित चालक पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमा निरस्त करने, दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने तथा चालक और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री अरविंद यादव, जिलाध्यक्ष गुलाम गौस मंसूरी, जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र यादव, प्रबंधक प्रदीप यादव, प्रदीप कुमार, अशोक सिंह, बबलू यादव, विजय यादव, राजेश यादव, विवेक कुमार, दिलीप कुमार, सुरेंद्र गौड़, दिनेश यादव, अजीत कुमार, मो. सलीम, कमलेश, गोविंद कुमार, संजय सिंह, अवधेश अग्रहरि, अमित यादव, राहुल यादव समेत बड़ी संख्या में वाहन चालक मौजूद रहे।




