आजमगढ़ : करंट की चपेट में आने से होमगार्ड की हुई मौत

Youth India Times
By -
0




खेत की निगरानी करने गए थे संजय पांडेय, पोल के स्टैक में उतरे करंट से हुआ हादसा
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर ग्राम सभा अंतर्गत एकौना गांव निवासी एवं होमगार्ड जवान संजय पांडेय (56) की सोमवार सुबह करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अपने खेत की निगरानी करने गए थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय पांडेय सोमवार सुबह करीब सात बजे अपने खेत पर गए थे। खेत में सिंचाई के कारण पानी भरा हुआ था। इसी दौरान खेत के पास स्थित बिजली के पोल में लगे स्टैक में किसी तरह करंट प्रवाहित हो गया। स्टैक के संपर्क में आते ही उन्हें जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्थानीय राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपरफैसिलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया। मृतक संजय पांडेय मेहनगर क्षेत्र की पीआरबी-6207 में होमगार्ड के रूप में तैनात थे तथा यूपी-112 की वाहन सेवा में चालक का दायित्व निभा रहे थे। वह अपने पीछे पत्नी संजू पांडेय तथा दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र ज्ञान प्रकाश कोलकाता और छोटे पुत्र प्रेम प्रकाश मुंबई में निजी नौकरी करते हैं। दोनों विवाहित हैं। पिता की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद दोनों पुत्र घर के लिए रवाना हो गए हैं। संजय पांडेय के निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें मिलनसार एवं सरल स्वभाव का व्यक्ति बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)