आजमगढ़ में दबंगों का आतंक, मारपीट मामले में एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं

Youth India Times
By -
0



पीड़ितों ने एसपी से लगाई गुहार, मुकदमा वापस न लेने पर एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का आरोप

आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के सिकरौर सहबरी बाजार में दबंगों की कथित दबंगई से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। मारपीट और तोड़फोड़ के एक मामले में नामजद एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों के अनुसार 7 जून 2026 को सिकरौर बाजार से गुजर रहे एक ट्रक को हरिप्रकाश जायसवाल की दुकान के सामने कुछ लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि दबंगों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट की और वाहन का शीशा समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे हरिप्रकाश जायसवाल के साथ भी अभद्रता की गई। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे नितिन जायसवाल और विनोद यादव ने हस्तक्षेप किया तो उन पर भी हमला कर दिया गया, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना की सूचना पर डायल-112 और सरायमीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इस मामले में शिवम जायसवाल की तहरीर पर बसपा नेता प्रमोद गौतम समेत गौरव, अभिषेक गौतम, विनोद गौतम, अमर गौतम और संतोष गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शिवम जायसवाल, विनोद यादव और नितिन जायसवाल का कहना है कि आरोपियों के परिवार का एक युवक पुलिस विभाग में सिपाही है, जिसके प्रभाव के चलते स्थानीय पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और ऐसा न करने पर एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी बाजार के दो दुकानदारों पर हमला करने के आरोप लग चुके हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से उनके हौसले बुलंद हैं। शनिवार को पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की। उनका कहना है कि आरोपियों की धमकियों से बाजार के व्यापारी और स्थानीय लोग भयभीत हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)