आजमगढ़ : रूपाली ग्रुप पर घोटाले के आरोपों की गूंज

Youth India Times
By -
0

 




विवादित जमीन, स्टैम्प चोरी और निवेशकों की रकम फंसने के आरोपों से घिरीं कई परियोजनाएं
आजमगढ़। जनपद के चर्चित भूमि कारोबारियों में शामिल गुप्ता बंधुओं की विभिन्न रियल एस्टेट परियोजनाएं इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं। रूपाली, आनंद विहार समेत अन्य नामों से संचालित परियोजनाओं को लेकर कई तरह के आरोप और सवाल सामने आ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि लोगों को आवासीय भूखंड और फ्लैट उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावों के बावजूद कई परियोजनाएं विवादों में घिरी हुई हैं। चर्चाओं के अनुसार, कुछ परियोजनाओं में विवादित अथवा कृषि योग्य भूमि पर प्लाटिंग किए जाने तथा निवेशकों से धन लेने के बाद समय पर कब्जा न दिए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। रामपुर क्षेत्र में एक परियोजना को लेकर दर्जनों लोगों द्वारा रजिस्ट्री के बाद भी कब्जा न मिलने की शिकायतें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि विरोध बढ़ने पर कंपनी की ओर से कुछ लोगों को स्टैम्प पेपर पर आश्वासन और चेक उपलब्ध कराए गए तथा अतिरिक्त समय मांगा गया। शहर के एक प्रमुख इलाके में वर्षों पहले मल्टीप्लेक्स और फ्लैट निर्माण की योजना भी चर्चा में रही। आरोप है कि निवेशकों से धन लेने के बावजूद परियोजना आज तक पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर सकी है। अधूरे निर्माण और खड़े पिलर अब भी परियोजना की स्थिति बयां कर रहे हैं। इसी प्रकार सगड़ी तहसील के जीयनपुर क्षेत्र में भूमि क्रय-विक्रय को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि बाजार मूल्य की तुलना में काफी कम मूल्य पर रजिस्ट्री कराकर स्टैम्प शुल्क और राजस्व को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। वहीं मेहनाजपुर क्षेत्र में भी भूमि खरीद-बिक्री के दौरान काले धन के उपयोग तथा स्टैम्प ड्यूटी में अनियमितताओं के आरोप लगाए जा रहे हैं। कुछ मामलों में यह भी आरोप है कि व्यावसायिक उपयोग की भूमि को कृषि योग्य दर्शाकर रजिस्ट्री कराई गई, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही संबंधित पक्ष की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने आई है। फिलहाल विभिन्न परियोजनाओं और भूमि सौदों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच निवेशकों और आम लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग इन मामलों की जांच कर क्या कार्रवाई करते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)