सिपाही भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बड़ी घोषणा

Youth India Times
By -
0




8, 9 और 10 जून को प्रदेशभर में आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थियों को मिलेगी बड़ी राहत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए राज्य परिवहन निगम की बसों में यात्रा के दौरान किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। यह सुविधा परीक्षा अवधि के दौरान लागू रहेगी और अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर रियायती किराए का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न जिलों में आवागमन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सके और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भर्ती परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रदेशभर में आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी भी की है। परिवहन राज्यमंत्री Dayashankar Singh ने सुरक्षित आवागमन और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मंडल और जनपद स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, जो जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। इसके अलावा प्रमुख बस स्टेशनों पर परीक्षा सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए आवश्यकतानुसार अस्थायी रूट डायवर्जन और अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)