यूपी के 33 पीसीएस अधिकारियों को मिलेगा आईएएस प्रमोशन

Youth India Times
By -
0




2010 और 2011 बैच के अधिकारियों का रास्ता साफ, रिक्त पदों के चलते 2012 बैच के अफसरों को भी मिल सकता है मौका
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के 33 पीसीएस अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नति मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। चयन वर्ष 2025 के लिए केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश को आईएएस पदोन्नति कोटे के 33 पद आवंटित किए हैं। इन पदों पर पदोन्नति के लिए 10 जून को नई दिल्ली में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित होगी। डीपीसी में वर्ष 2010, 2011 और 2012 बैच के पीसीएस अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। नियुक्ति विभाग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं तथा संभावित अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टियां (एसीआर) और सेवा अभिलेख जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पदोन्नति के लिए आवंटित 33 पदों के कारण वर्ष 2010 और 2011 बैच के अधिकारियों के आईएएस बनने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है। वर्ष 2010 बैच में आठ तथा वर्ष 2011 बैच में 21 अधिकारी हैं। दोनों बैचों के अधिकारियों की कुल संख्या 29 होने के कारण चार पद रिक्त बचते हैं। ऐसी स्थिति में वर्ष 2012 बैच के कुछ पीसीएस अधिकारियों को भी आईएएस पदोन्नति का अवसर मिलने की संभावना बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें 10 जून को होने वाली डीपीसी बैठक पर टिकी हैं, जिसके बाद पदोन्नति की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)