आजमगढ़ : युवक को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया

Youth India Times
By -
0
फोटो ai 

चाकू से हमला, मारपीट का भी लगाया आरोप; एक गिरफ्तार

आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के सहनूपुर गांव में एक युवक के साथ मारपीट और चाकू से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही तीन लोगों पर मारपीट करने, कपड़े उतारकर गांव में घुमाने तथा मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीनने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, सहनूपुर निवासी अजीत ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले गांव की एक युवती से उसकी मोबाइल पर बातचीत होती थी। लगभग 10 महीने पहले वह रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु चला गया था। आरोप है कि इस दौरान युवती अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उससे संपर्क करने का प्रयास करती थी। बातचीत बंद करने की बात कहने पर आत्महत्या की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित के अनुसार, वह 17/18 अक्टूबर को घर लौटा था। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे बाइक से सहनूपुर चौराहे की ओर जाते समय प्राथमिक विद्यालय के पास तीन लोगों ने उसकी बाइक रोक ली। आरोप है कि इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की गई और चाकू से गले पर हमला करने का प्रयास किया गया। बचाव के दौरान उसके हाथ की दो उंगलियां जख्मी हो गईं। अजीत ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके कपड़े उतारकर गांव में घुमाया और मोबाइल फोन व बाइक की चाबी छीन ली। घटना की सूचना मिलने पर उसकी मां ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। पीड़ित का कहना है कि पुलिस के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस संबंध में रौनापार थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने की घटना की पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)