प्रेमिका संग कार में जा रहे पति को देख पत्नी बोनट पर लटकी, 200 मीटर तक दौड़ाई कार

Youth India Times
By -
0




राहगीरों ने पीछा कर कार रुकवाई, प्रेमिका संग मौके से हुआ फरार

बरेली। जिले के भमोरा क्षेत्र में पति, पत्नी और प्रेमिका के बीच हुए विवाद का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला कार की बोनट पर लटकी दिखाई दे रही है, जबकि कार चालक वाहन को तेज गति से दौड़ाता नजर आ रहा है। घटना के बाद राहगीरों ने पीछा कर कार को रुकवाया और चालक की पिटाई कर दी। जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने बच्चे के साथ देवचरा चौराहे पर खड़ी थी। इसी दौरान उसका पति अपनी कथित प्रेमिका के साथ कार से वहां से गुजर रहा था। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी ने शोर मचाते हुए कार को रोकने का प्रयास किया और उसके पीछे दौड़ पड़ी। बताया जा रहा है कि फूल मंडी के पास स्पीड ब्रेकर पर कार की रफ्तार धीमी हुई तो महिला कार की बोनट पर चढ़ गई। इसके बावजूद चालक ने कार को आगे बढ़ा दिया और महिला बोनट पर लटकी रही। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों ने बाइक से कार का पीछा किया। करीब 200 मीटर आगे देवचरा-बल्लिया रोड पर राहगीरों ने कार को रुकवा लिया। इसके बाद लोगों ने चालक को कार से बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी। मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। इसी बीच आरोपी पति अपनी प्रेमिका के साथ वहां से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)