आजमगढ़ : बस की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत

Youth India Times
By -
0

 




बस में फंसकर 500 मीटर तक घसीटता गया युवक
आजमगढ़। जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की मां द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उनके पुत्र को एक तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी, जिसके बाद बस उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवपार गांव निवासी संजू यादव पत्नी रमेश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनका पुत्र सत्यम यादव उर्फ विशाल यादव रविवार 7 जून की शाम लगभग 7:45 बजे मोटरसाइकिल से भदुली बाजार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था। तहरीर के मुताबिक, जब वह देवखरी (किशुनदासपुर नंबर-2) के पास पहुंचा, तभी बस के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन रोकने के बजाय युवक को लगभग 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक की मां ने कंधरापुर थाने में तहरीर देकर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)