उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की सख्ती से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक के दौरान डीएम ने 11 लाख रुपये के सरकारी धन के गबन के आरोपी ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) दीपराज को पुलिस बुलाकर बैठक के बीच से ही गिरफ्तार करा दिया। बैठक में डीएम घनश्याम मीना विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। परिवार संतृप्तिकरण, समूह गठन, लखपति दीदी चिन्हांकन, रिवाल्विंग फंड, सीसीएल और लोकोस ऐप पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति बेहद खराब मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि तहसील पुरवा में तैनात बीएमएम दीपराज के खिलाफ 11 लाख रुपये के गबन का मुकदमा दर्ज है। सूचना मिलते ही डीएम ने तत्काल पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह को फोन कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बैठक के बीच से ही आरोपी बीएमएम को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से बैठक में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। डीएम ने संबंधित ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को भी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि गबन प्रकरण में शामिल सभी कर्मचारियों की भूमिका की गहन जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाए। साथ ही राष्ट्रीय आजीविका मिशन में पिछले चार वर्षों के भुगतान की जांच के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा असोहा विकासखंड के कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ भी कार्रवाई के आदेश दिए गए। डीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कंप्यूटर ऑपरेटर आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया था और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तत्काल मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने स्पष्ट कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक तक कार्यों में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर आरोपी बीएमएम को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment
0Comments






