आजमगढ़ : राजस्व निरीक्षक पर भ्रष्टाचार के आरोप, मंडलायुक्त से की गई शिकायत

Youth India Times
By -
0




पक्की पैमाइश और पत्थरनसब के नाम पर वसूली का आरोप, खनन माफिया से मिलीभगत की जांच की मांग

आजमगढ़। मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र में तैनात एक राजस्व निरीक्षक की कार्यशैली को लेकर विवाद गहरा गया है। नंदाव ग्राम निवासी मोहम्मद शाहिद ने मंडलायुक्त को शिकायती पत्र सौंपकर राजस्व निरीक्षक सत्येंद्र सिंह पर पक्की पैमाइश और पत्थरनसब के नाम पर अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित राजस्व कर्मचारी की कार्यशैली से क्षेत्र के कई ग्रामीण और किसान प्रभावित हुए हैं। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि खनन से जुड़े कुछ लोगों के साथ मिलीभगत कर क्षेत्र में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि इस संबंध में पहले भी कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले को लेकर किसान नेता संजय चतुर्वेदी ने भी मंडलायुक्त से मुलाकात कर शिकायतों की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो यह गंभीर विषय है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मंडलायुक्त कार्यालय को दिए गए प्रार्थना पत्र में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए मामले की जांच कराने तथा शिकायतों के निस्तारण की मांग की गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)