आजमगढ़ : टीटी की नौकरी दिलाने के नाम पर 9.63 लाख की ठगी, गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0





फर्जी टीटी आईडी बनाकर युवाओं को बनाते थे शिकार
आजमगढ़। टीटी (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कंधरापुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे गिरोह के सदस्य संदीप श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। इससे पहले इस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, कंधरापुर थाना क्षेत्र के इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव ने 7 मई 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर आरोपियों ने 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ले लिए। इतना ही नहीं, विश्वास दिलाने के लिए फर्जी टीटी पहचान पत्र भी तैयार कर दिया गया। बाद में नौकरी न मिलने पर जब पीड़ित पक्ष ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज और धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना कंधरापुर में मुकदमा संख्या 108/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने 3 जून 2026 को आरोपी संदीप श्रीवास्तव (37) पुत्र विनोद श्रीवास्तव, निवासी टिसौरा थाना जमानिया जनपद गाजीपुर, वर्तमान निवासी कमला नगर कॉलोनी, लालपुर-पांडेयपुर वाराणसी को उसके गांव टिसौरा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया। मामले की जांच जारी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)