‘प्रतिदिन एक मुट्ठी अनाज’ अभियान को मिला जनसमर्थन, जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आए ग्रामीण
आजमगढ़। समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने की भावना को साकार करते हुए पल्हना ब्लॉक के कटाई गांव के ग्रामीणों ने प्रयास अनाज बैंक के कोष में 3.50 कुंतल गेहूं एवं चावल के साथ साड़ी, कपड़े, बिस्किट तथा अन्य उपयोगी सामग्री भेंट कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की। इस सहयोग से प्रयास अनाज बैंक का कोष और अधिक सशक्त हुआ है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी ओंकार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि प्रयास संस्था वर्षों से असहाय, जरूरतमंद परिवारों और गरीब कन्याओं की सहायता के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। संस्था के सेवा कार्यों से प्रेरित होकर ग्रामवासियों ने अनाज बैंक को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से ही जरूरतमंदों तक प्रभावी सहायता पहुंचाई जा सकती है। ग्रामीणों ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रयास अनाज बैंक के कोष में योगदान देने वाले अन्नदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नगर अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह ने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार प्रतिदिन केवल एक मुट्ठी अनाज अलग रखकर हर माह उसका दान करे, तो समाज के निचले और वंचित वर्गों के लिए सहायता का एक बड़ा आधार तैयार हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रयास टीम सभी अन्नदाताओं की आभारी है और ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर डब्बू सिंह, अरुण पाठक, विनोद कुमार गुप्ता, चंद्रदेव सिंह (प्रधान पति), रविंद्र सिंह, सावित्री देवी, रुक्मणी देवी, रोशन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





