आजमगढ़ : थानाध्यक्ष पर जमीन कब्जा कराने व रिश्वत मांगने का आरोप

Youth India Times
By -
0




थाना प्रभारी, कांस्टेबल व विपक्षियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग
दीवानी वाद लंबित होने के बावजूद कब्जा कराने का आरोप, एसएसपी से कार्रवाई की गुहार
आजमगढ़। जनपद रौनापार थाना क्षेत्र के खोजौली गांव की निवासी राधिका सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर थाना रौनापार के थानाध्यक्ष, एक कांस्टेबल तथा विपक्षी पक्ष के लोगों पर उनकी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जा कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, विवादित भूमि को लेकर सिविल न्यायालय में वाद विचाराधीन है और निषेधाज्ञा प्रार्थना पत्र पर सुनवाई की तिथि निर्धारित है। आरोप है कि इसके बावजूद विपक्षी देवानंद और दिवाकर ने पुलिस की मौजूदगी में विवादित भूमि पर मिट्टी डलवाकर कब्जा करने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि थानाध्यक्ष रौनापार सुनील कुमार दूबे स्वयं मौके पर मौजूद रहे और भूमि की स्थिति बदलवाने में सहयोग किया। राधिका सिंह ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को गालियां दी गईं तथा उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने और एनकाउंटर कराने जैसी धमकियां भी दी गईं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौके पर कोई राजस्व टीम मौजूद नहीं थी, फिर भी पुलिस की मौजूदगी में भूमि पर तीन ट्राली मिट्टी डलवाई गई। प्रार्थना पत्र में कांस्टेबल अवधेश यादव पर भी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत और पैसे की मांग करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि पुलिस की मौजूदगी में कब्जा कराने का वीडियो उनके पास उपलब्ध है। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए थानाध्यक्ष, संबंधित कांस्टेबल तथा विपक्षी पक्ष के लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, पुलिस का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)