आजमगढ़ : साइकिल सवार को बचाने में पलटी बाइक, युवक की मौत

Youth India Times
By -
0




रानी की सराय के यूनियन बैंक के पास हुआ हादसा
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के खलीलाबाद मोहल्ला स्थित यूनियन बैंक के समीप मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में युवक की बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वह डिवाइडर से जा टकराया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रेंदुआ गांव निवासी 25 वर्षीय सुधीर कुमार राजभर मंगलवार को लगभग दो बजे अपनी बाइक से रानी की सराय बाजार की ओर जा रहे थे। जब वह मुख्य मार्ग पर यूनियन बैंक के समीप बने कट के पास पहुंचे, तभी अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में सुधीर की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान सुधीर उछलकर डिवाइडर से टकरा गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि सुधीर कुमार राजभर दिल्ली में रहकर निजी कार्य करते थे और कुछ दिनों पहले ही घर आए थे। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, गांव और क्षेत्र में युवक की असमय मौत से शोक की लहर व्याप्त है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)