दामाद ने ससुर के खिलाफ लगाई न्याय की गुहार, मुख्यमंत्री पोर्टल समेत कई स्तरों पर की शिकायत
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद तहसील क्षेत्र के हरैया गांव निवासी सुबाष यादव ने अपने ससुर पर विदेश से भेजी गई लाखों रुपये की धनराशि वापस न करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने सऊदी अरब में वर्षों तक नौकरी कर परिवार के भरण-पोषण और पत्नी के इलाज के लिए अपने ससुर के खाते में बड़ी रकम भेजी थी, लेकिन अब वह राशि लौटाने से इंकार किया जा रहा है। सुबाष यादव के अनुसार, वह करीब 14 वर्षों तक सऊदी अरब में कार्यरत रहे। उस समय गांव में उनका बैंक खाता नहीं था और बच्चों की उम्र भी कम थी। इसी दौरान उनकी पत्नी गंभीर रूप से बीमार हो गई थीं। पत्नी के उपचार और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उन्होंने अपने ससुर सत्तूर राम उर्फ रामसम्हार यादव निवासी टीकापुर, थाना तहबरपुर के बैंक खाते में समय-समय पर 17 लाख रुपये से अधिक की राशि भेजी। उन्होंने बताया कि पत्नी के इलाज के लिए उन्हें कई बार विदेश से भारत आना पड़ा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी पत्नी को बचाया नहीं जा सका। पत्नी के निधन के बाद जब वह स्थायी रूप से घर लौटे और अपने द्वारा भेजी गई धनराशि का हिसाब मांगते हुए रकम वापस करने की बात कही, तो कथित रूप से उनके ससुर ने राशि लौटाने से मना कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि न्याय की तलाश में उन्होंने स्थानीय थाने का भी सहारा लिया, लेकिन वहां भी उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनसे कथित रूप से पैसे की मांग की गई, हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। सुबाष यादव का कहना है कि उन्होंने कई अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपने के साथ-साथ मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अपनी मेहनत की कमाई वापस दिलाने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।





