आजमगढ़ : शव यात्रा के रास्ते को लेकर विवाद

Youth India Times
By -
0




महिला के निधन के बाद शव ले जाने से रोका, समझाइश के बाद हुआ अंतिम संस्कार

आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के बाकीपुर गांव में रविवार की रात एक महिला के निधन के बाद अंतिम यात्रा के दौरान रास्ते को लेकर विवाद खड़ा हो गया। गांव के कुछ लोगों द्वारा शव को रास्ते से ले जाने का विरोध किए जाने पर मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कराया गया। जानकारी के अनुसार, बाकीपुर गांव निवासी रामकिशुन यादव की मां कमला देवी का रविवार रात निधन हो गया था। परिजन जब शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे, तभी गांव के ही धर्मेंद्र यादव ने सरकारी रास्ते से शव ले जाने का विरोध कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख रामकिशुन यादव ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांत कराया। काफी देर तक चली मान-मनौव्वल के बाद शव को उसी रास्ते से अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। घटना के बाद गांव में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा। मामले में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र यादव को थाने बुलाया गया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)