आजमगढ़ : रेलवे ग्रुप-डी में नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर की थी धोखाधड़ी, अतरौलिया पुलिस ने मंदिर के पास से दबोचा
आजमगढ़। रेलवे भर्ती बोर्ड की ग्रुप-डी परीक्षा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में अतरौलिया पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर रुपये लेने के बाद फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर देने और नौकरी नहीं मिलने पर रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार 23 नवंबर को उपनिरीक्षक संजय सिंह और उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में जुटे थे। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अमरेज कुमार (52) पुत्र खेतऊ निवासी गजेन्धरपट्टी भेदौरा, थाना अतरौलिया को कस्बे में स्थित सम्मो माता मंदिर के पास से सुबह करीब 8:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। मामले में मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के बरबोझी निवासी सौरभ सिंह ने 20 नवंबर को अतरौलिया थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया था कि विपक्षियों ने रेलवे ग्रुप-डी में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे पांच लाख रुपये लिए थे। इसके बाद सहवादी अमरजीत सिंह निवासी जमीन हरखोरी घनछुला, थाना जीयनपुर को कूटरचित नियुक्ति पत्र थमा दिया गया। नौकरी नहीं मिलने पर जब रुपये वापस मांगे गए तो आरोपी टालमटोल करने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 413/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल रमेश कुमार और कांस्टेबल अमन तिवारी शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)