आजमगढ़ में 11.334 किलो गांजा के साथ बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

ऑपरेशन त्रिशूल के तहत बजहा पुलिया के पास की कार्रवाई, दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

आजमगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना जहानागंज पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 11.334 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी बिहार के सारण (छपरा) जनपद के निवासी हैं। पुलिस ने बरामद गांजे को नियमानुसार सीलबंद कर कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष जहानागंज अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम 22 नवंबर 2026 को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बजहा पुलिया के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार राय (34) पुत्र अलगु राय, निवासी पदुमपुर दुमर्सन, थाना मसरख, जनपद सारण (छपरा), बिहार तथा लालबाबु राय (42) पुत्र योगेन्द्र राय, निवासी ग्राम सरदारगंज, थाना मसरख, जनपद सारण (छपरा), बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अनिल कुमार राय के कब्जे से 6.154 किलोग्राम तथा लालबाबु राय के कब्जे से 5.180 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस प्रकार दोनों आरोपियों के पास से कुल 11.334 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद गांजे को अलग-अलग सीलबंद कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
इस मामले में थाना जहानागंज पर मु0अ0सं0 242/26 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम त्यागी, हेड कांस्टेबल दिनकर कुशवाहा, हेड कांस्टेबल अविनाश कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, रिजर्व कांस्टेबल प्रभात चौधरी, सचिन साहू, शिवांश सिंह एवं ऋषभ तिवारी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन त्रिशूल के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)