आजमगढ़: पैमाइश के दौरान नायब तहसीलदार से दुर्व्यवहार, दो पर मुकदमा दर्ज

Youth India Times
By -
0





सरकारी कार्य में बाधा समेत कई धाराओं में केस, राजस्व टीम पर गाली-गलौज का आरोप

आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के खालिसपुर गांव में पैमाइश के दौरान नायब तहसीलदार के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, बटवारे के एक मामले में उप जिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह के 14 जनवरी के आदेश के अनुपालन में नायब तहसीलदार आदर्श सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मंगलवार को दिन में करीब एक बजे खालिसपुर गांव पहुंची थी। टीम गाटा संख्या 708 की पैमाइश कर रही थी, तभी आरोप है कि गयासुद्दीन और उनके एक भांजे (नाम अज्ञात) ने नायब तहसीलदार के साथ गाली-गलौज करते हुए दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद नायब तहसीलदार की तहरीर पर जीयनपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 121/1, 115/2, 352 और 351/3 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि इससे पहले 16 अप्रैल को भी इसी जमीन को लेकर विवाद हुआ था। न्यायालय के आदेश के बाद मुमताज द्वारा चहारदीवारी निर्माण के दौरान कुछ लोगों पर पत्थर उखाड़ने और दीवार तोड़ने का आरोप लगा था। इसी विवाद के चलते दोबारा पैमाइश के लिए टीम गांव पहुंची थी। घटना के दौरान जीयनपुर पुलिस बल के साथ राजस्व निरीक्षक सरजू प्रसाद, लेखपाल रामसागर सोनी समेत दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)