पुलिस व स्थानीय लोगों की सूझबूझ से सुरक्षित उतारी गई नीचे, पूर्व में भी जान देने की कर चुकी है कोशिश
आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और तत्परता से एक बार फिर एक युवती की जान बचा ली गई। मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे बेलनाडीह क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी और सिधारी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी समझाइश और मान-मनौव्वल के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस के अनुसार, युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वर्तमान में युवती की हालत ठीक बताई जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी युवती ने 3 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अत्यधिक मात्रा में दवाइयां खाने का वीडियो अपलोड किया था। इस पर मेटा कंपनी की ओर से अलर्ट मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों के साथ मिलकर युवती को बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया था, जहां उसका इलाज कर उसकी जान बचाई गई थी। पुलिस की इस मानवीय पहल और सतर्कता की स्थानीय लोगों के साथ-साथ पूरे जिले में सराहना की जा रही है।





