शराब पीने से शुरू हुआ विवाद, पुलिस हस्तक्षेप के बाद हालात काबू में; आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खानपुर चितरावल में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब नशे में धुत कुछ बरातियों ने उत्पात मचा दिया। विरोध करने पर घराती और बराती पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, वहीं प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय जगमोहन बिंद की पुत्री प्रीति की शादी बक्सपुर निवासी हरिश्चंद्र बिंद के पुत्र पवन बिंद के साथ तय थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद पूरे गांव के सहयोग से शादी की तैयारियां की गई थीं। बरात को प्राथमिक विद्यालय परिसर में ठहराया गया था, जहां द्वाराचार की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान कुछ बराती प्रतिमा स्थल के पास बैठकर शराब पीने लगे। ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट के बाद पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कुछ उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया। सोमवार सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मौके पर थाना प्रभारी देवेंद्र प्रताप भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया, जिससे माहौल शांत हुआ। पुलिस के अनुसार, क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत करा दी गई है और उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






