पूजा सिंह ने कहा “माँ का कोई धर्म नहीं होता, आत्मनिर्भरता ही हमारा लक्ष्य है”
आजमगढ़। मातृत्व दिवस के अवसर पर दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सनातन सेना की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह द्वारा जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान पूजा सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि हर महिला अपने पैरों पर खड़ी हो सके और सम्मान के साथ जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि सिलाई मशीन केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि आर्थिक स्वतंत्रता और स्वाभिमान का माध्यम है। उनके अनुसार, जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो वह न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारती है, बल्कि बच्चों के भविष्य को भी संवारती है। इस पहल के तहत कई लाभार्थी महिलाओं को सिलाई मशीनें दी गईं। महिलाओं ने इस सहायता के लिए संस्था का आभार जताते हुए कहा कि अब वे स्वयं सिलाई कार्य कर अपने परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग कर सकेंगी और बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दे सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्न पर कि क्या लाभार्थियों का चयन किसी धर्म या वर्ग के आधार पर किया जा रहा है, इस पर पूजा सिंह ने स्पष्ट किया कि सेवा में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि “माँ का कोई धर्म नहीं होता, भूख का कोई मजहब नहीं होता और आत्मनिर्भरता सभी के लिए समान है।” उन्होंने आगे कहा कि यह सहायता केवल जरूरतमंद महिलाओं के लिए है, चाहे वे किसी भी समुदाय से हों। पूजा सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य “मानवता की सेवा” है और हर जरूरतमंद महिला उनके लिए “भारत माता का स्वरूप” है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।






