आजमगढ़ : प्रशासनिक अभियानों में आजमगढ़ का शानदार प्रदर्शन, फार्मर रजिस्ट्री में प्रदेश में प्रथम

Youth India Times
By -
0





जनगणना 2027 की स्वगणना में भी जनपद ने हासिल किया दूसरा स्थान, डीएम ने टीम और नागरिकों को दी बधाई
आजमगढ़। जनपद ने प्रशासनिक अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। किसान हित में चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान में जनपद आजमगढ़ प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है, जबकि जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान में जनपद ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इन उपलब्धियों को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के सतत पर्यवेक्षण, प्रभावी कार्ययोजना और प्रशासनिक समन्वय का परिणाम माना जा रहा है। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि जनपद में अब तक 7 लाख 12 हजार से अधिक किसानों की सफलतापूर्वक फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। प्रदेश स्तर से जारी प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 9 मई तक आजमगढ़ ने यह उपलब्धि हासिल की। फार्मर रजिस्ट्री अभियान के माध्यम से किसानों का डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, कृषि अनुदान, बीज एवं उर्वरक वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। अभियान की सफलता में कृषि विभाग, राजस्व विभाग, ग्राम पंचायतों और अन्य विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं जनगणना 2027 के तहत संचालित स्वगणना अभियान में जनपद ने 50 हजार से अधिक स्वगणना का आंकड़ा पार कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि प्रशासनिक समन्वय, जनभागीदारी और तकनीकी सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से स्वगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। जनपद प्रशासन द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)