आजमगढ़ : भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की हुई मौत

Youth India Times
By -
0




ससुराल से घर लौटते समय हुआ हादसा

छह माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
रिपोर्ट : आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मकसूदिया गांव के पास बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के खतीरपुर गांव निवासी 28 वर्षीय सनी विश्वकर्मा पुत्र हरिहर विश्वकर्मा अपनी ससुराल भादी, शाहगंज (जौनपुर) से गुरुवार सुबह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मकसूदिया गांव के पास मोड़ पर आजमगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सनी विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी पूजा विश्वकर्मा बेसुध हो गईं। बताया जा रहा है कि सनी छह माह के एक मासूम बेटे के पिता थे। वहीं उनके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। युवक की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)