आज़मगढ़ : डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापा, निरीक्षण के दौरान डॉक्टर व टेक्नीशियन मिले गायब

Youth India Times
By -
0




एसडीएम के निर्देश पर एसीएमओ व सीएचसी अधीक्षक की कार्रवाई

अभिलेखों के साथ संचालक को तहसील तलब
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र में संचालित डायग्नोस्टिक और पैथालॉजी सेंटरों की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। तहसील मुख्यालय स्थित थाना परिसर के बगल में संचालित जनता डायग्नोस्टिक व पैथालॉजी सेंटर पर प्रशासनिक टीम द्वारा की गई आकस्मिक जांच के दौरान न डॉक्टर मिले, न रेडियोलॉजिस्ट और न ही टेक्नीशियन मौजूद पाए गए। मौके पर केवल एक महिला कर्मचारी मिली, जो मरीजों की संख्या और जांच से संबंधित स्पष्ट जानकारी भी नहीं दे सकी। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में कई डायग्नोस्टिक और पैथालॉजी सेंटर बिना विशेषज्ञ डॉक्टरों के टेक्नीशियनों के सहारे संचालित किए जा रहे हैं। इसे लेकर लंबे समय से शिकायतें भी मिल रही थीं। जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर कुछ दिन पूर्व एसीएमओ ने भी जनता सोनोग्राफी सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया था, उस समय भी डॉक्टर और तकनीकी स्टाफ अनुपस्थित मिले थे। इसी क्रम में शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर के चिकित्साधीक्षक अखिलेश कुमार के साथ प्रशासनिक टीम सीधे जनता सोनोग्राफी डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंची। निरीक्षण के दौरान न कोई मरीज मिला और न ही कोई जिम्मेदार चिकित्सकीय स्टाफ मौजूद था। मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को उपजिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि संबंधित संचालक और डॉक्टर को सूचना देकर सभी अभिलेखों के साथ अपराह्न 3:30 बजे तहसील मुख्यालय स्थित कार्यालय में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें। क्षेत्र में लगातार निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों और संचालकों के गायब मिलने से लोगों में चर्चा है कि सेंटर संचालकों को जांच की सूचना पहले ही मिल जाती है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)