हत्या, लूट, डकैती समेत गंभीर मामलों के आरोपियों को दिलाता था राहत, आरोपी पर दर्ज हैं 25 मुकदमे
आजमगढ़। फर्जी जमानत प्रकरण में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को जीयनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कूटरचित अभिलेखों के माध्यम से गंभीर अपराधों में बंद अभियुक्तों की जमानत कराने वाले संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है। मामले में 30 मई 2026 को कचहरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश कश्यप ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि कुछ तथाकथित वकील एवं जमानतदार आर्थिक लाभ के लिए हत्या, डकैती, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट तथा अवैध शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध अभियुक्तों की फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत करा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि एक ही जमानतदार द्वारा समान दस्तावेजों का प्रयोग कर कई अभियुक्तों की जमानत कराई गई, जिससे एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि हुई। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 267/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त रामचन्द्र यादव उर्फ मैकू यादव उर्फ सत्यम यादव निवासी भरौली थाना जीयनपुर को गोरखपुर जिला कारागार के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध आजमगढ़, मऊ, जौनपुर और वाराणसी सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम और धोखाधड़ी से संबंधित कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फर्जी जमानत गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने और अपराधियों को अनुचित लाभ पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






